दिल्ली मंदिर निर्देशिका
सभा और उससे जुड़े समुदायों द्वारा सेवित दिल्ली भर के सनातन धर्म मंदिर।
सभा और उससे जुड़े समुदायों द्वारा सेवित दिल्ली भर के सनातन धर्म मंदिर।
खिड़की एक्सटेंशन, मालवीय नगर
जय श्री कृष्ण। डेरा गाज़ी सभा, मालवीय नगर, नई दिल्ली (पंजीकरण सं. एस./10244/1979), दिल्ली सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम के तहत वर्ष 1979 में पंजीकृत निकाय है। इस निकाय के सदस्य मुख्य रूप से पंजाबी हिन्दू हैं जो मूल रूप से डेरा गाज़ी खान, जो आजकल पश्चिमी पाकिस्तान में है, के हैं। हमारे पूर्वज डेरा गाज़ी खान से पलायन करके विभाजन के बाद दिल्ली और आसपास में आकर बसे। सभा के रोज़ाना कार्यकलाप सदस्यों की चयनित बॉडी द्वारा संचालित किए जाते हैं। बॉडी के सदस्य मानक अवधि के आधार पर कार्य करते हैं, जिसकी प्रतिवर्ष वार्षिक आम सभा होती है। डेरा गाज़ी खान सभा, मालवीय नगर द्वारा के-15, खिड़की एक्सटेंशन, मालवीय नगर, नई दिल्ली में भगवान श्री कृष्ण के छोटे मंदिर का नवीनीकरण कार्य शुरू किया गया। उस समय यह मंदिर जर्जर हालत में था जिसमें भगवान श्री कृष्ण की केवल एक मूर्ति थी। सभा द्वारा भक्तों की मदद से भगवान कृष्ण के दरबार का नवनिर्माण कार्य शुरू किया गया तथा भगवान राम के दरबार को भी स्थापित किया गया। कुछ वर्षों के बाद मंदिर में शिवालय (माँ पार्वती, माँ गौरी, भगवान गणेश तथा भगवान कार्तिकेय) तथा दुर्गा माता दरबार का विस्तार किया गया। पिछले दशक में मंदिर में भगवान हनुमान तथा लक्ष्मी नारायण दरबार की मूर्तियों के साथ विस्तार किया गया। वर्ष 2009 में श्री साईं बाबा की भव्य मूर्ति भी स्थापित की गई। उपरोक्त के अलावा मंदिर में भूतल पर एक बड़ा वातानुकूलित हॉल है जिसमें सभी समारोहों हेतु स्टेज तथा साउंड व्यवस्था है। भक्तों तथा धर्मार्थ सेवाओं हेतु कमरे भी बनाए गए हैं। भगवान की कृपा तथा भक्तों के सक्रिय सहयोग से दूसरे तल पर योग, भंडारा आदि हेतु भी एक बड़े हॉल का निर्माण किया गया है, जिसमें एक रसोई भी है जिसमें 500 भक्तों का भोजन बन सकता है। निर्धारित समय सारणी के अनुसार मंदिर खुलता है। सभी पूजा विधि-विधान अनुभवी एवं ज्ञानी वैदिक पंडितों द्वारा संपन्न कराई जाती है। जन्माष्टमी, दीपावली, नवरात्रे, भागवत गीता कथा तथा रामायण पाठ सहित सभी मुख्य त्योहार सभा द्वारा आयोजित किए जाते हैं, तथा वंचित एवं ग़रीबों के लिए प्रत्येक गुरुवार साईं बाबा लंगर आयोजित किया जाता है। सभा द्वारा होम्योपैथी, आयुर्वेद, एक्यूपंक्चर, योग, दंत चिकित्सा, फिजियोथेरेपी एवं पैथोलॉजी लैब (सैंपल कलेक्शन सेंटर) जैसी धर्मार्थ एवं सामाजिक सेवाएं चलाई जाती हैं। सभा के नियमों के अनुसार धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों जैसे सत्संग, पगड़ी रस्म तथा विभिन्न चिकित्सा शिविरों हेतु हॉल तथा कमरे भी उपलब्ध हैं, तथा हाल ही में सभा द्वारा ऑनलाइन विवाह सेवा केंद्र भी शुरू किया गया है। भविष्य की योजनाओं में धर्मार्थ सेवाओं को बढ़ाना तथा वृद्ध एवं अशक्त लोगों के लिए लिफ़्ट उपलब्ध कराना है। इस मंदिर के रखरखाव तथा निर्माण की प्रक्रिया निरंतर चलती रहेगी — भक्तों से निवेदन है कि तन, मन तथा धन, किसी भी रूप में मदद करें। जय श्री कृष्ण!!
स्थापना: 1979
के-15, खिड़की एक्सटेंशन, मालवीय नगर, नई दिल्ली — 110017